महोबा के रतौली गांव में शादी की खुशियां उस समय अफरा-तफरी में बदल गईं जब बासी खाना खाने से 9 लोग फूड प्वाइजनिंग का शिकार हो गए। सभी प्रभावित लोगों को उल्टी, दस्त और बुखार की शिकायत के बाद जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
जानकारी के अनुसार, राममिलन प्रजापति की बेटी की शादी की तैयारियां चल रही थीं और घर में मेहमानों की भारी भीड़ मौजूद थी। शनिवार रात को परोसी गई आलू-टमाटर की सब्जी और चावल खाने के कुछ ही समय बाद सबसे पहले बच्चों की तबीयत बिगड़नी शुरू हुई।
देखते ही देखते 5 बच्चे, 3 महिलाएं और एक बुजुर्ग समेत कुल 9 लोग बीमार हो गए। परिजनों ने शुरुआत में सभी को निजी अस्पताल में भर्ती कराया, लेकिन स्थिति में सुधार न होने पर सभी को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
डॉक्टरों के अनुसार यह मामला फूड प्वाइजनिंग का है, जो संभवतः बासी या खराब भोजन के सेवन से हुआ है। फिलहाल सभी मरीजों की हालत स्थिर बताई जा रही है और चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज जारी है।