उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले के सिकंदराबाद औद्योगिक क्षेत्र स्थित माइका बनाने वाली डाल्टन फैक्ट्री में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। काम के दौरान पहासू निवासी रेखा अचानक मिक्सर मशीन की चपेट में आ गईं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही मृतका के परिजन फैक्ट्री पहुंचे और फैक्ट्री प्रबंधन पर घोर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। परिजनों का कहना है कि सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किए जाने के कारण यह हादसा हुआ।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर शांत कराया। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों के साथ-साथ फैक्ट्री प्रबंधन की भूमिका की भी जांच की जा रही है।