मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले के अलीपुरा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत करारा गंज में झांसी-खजुराहो फोरलेन के पास एक किसान के खेत में जला हुआ शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई।
ग्रामीणों ने खेत से धुआं उठता देखा तो मौके पर पहुंचे। वहां एक शव जलता हुआ मिला, जिसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
शव पूरी तरह से जला होने के कारण उसकी पहचान अब तक नहीं हो सकी है। पुलिस ने मौके पर फोरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं।
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि हत्या के बाद पहचान छिपाने की नीयत से शव को जलाया गया हो। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
नौगांव एसडीओपी अमित मेश्राम ने बताया कि शव की शिनाख्त कराने के प्रयास किए जा रहे हैं और मामले की हर एंगल से गहन जांच की जा रही है।