मथुरा। उत्तर प्रदेश पुलिस में तैनात जनसंपर्क अधिकारी (पीआरओ) अनुराग चौधरी को उपनिरीक्षक से निरीक्षक पद पर पदोन्नत किया गया है। मंगलवार को आयोजित गरिमामय समारोह में जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने संयुक्त रूप से उनके कंधों पर निरीक्षक पद के स्टार और बैज लगाकर उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर अधिकारियों ने अनुराग चौधरी की कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और उत्कृष्ट कार्यशैली की सराहना करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि वह नई जिम्मेदारियों का भी पूरी ईमानदारी और दक्षता के साथ निर्वहन करेंगे।
पदोन्नति मिलने पर निरीक्षक अनुराग चौधरी ने वरिष्ठ अधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान उनके लिए नई जिम्मेदारी और प्रेरणा दोनों है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आगे भी पूरी निष्ठा, निष्पक्षता और समर्पण के साथ कार्य करते हुए जनता की समस्याओं का त्वरित एवं न्यायसंगत समाधान सुनिश्चित करेंगे।
पुलिस विभाग में इस पदोन्नति को लेकर अधिकारियों और पुलिसकर्मियों ने उन्हें शुभकामनाएं दीं तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।