हरिद्वार से इस वर्ष की चारधाम यात्रा का शुभारंभ हो गया है। 19 अप्रैल से उत्तराखंड में स्थित गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट खुलने के साथ यात्रा औपचारिक रूप से शुरू हो रही है। इसी क्रम में शनिवार को हरिद्वार से श्रद्धालुओं का पहला जत्था रवाना हुआ।
यात्रा से पहले सभी श्रद्धालुओं ने हरिद्वार स्थित माया देवी मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना की। इसके बाद 100 से अधिक श्रद्धालु चारधाम यात्रा के लिए रवाना हुए। श्रद्धालुओं में इस पवित्र यात्रा को लेकर भारी उत्साह देखने को मिला।
इस बार सरकार द्वारा श्रद्धालुओं की संख्या पर लगी पाबंदियों को हटाए जाने के बाद ट्रैवल्स और पर्यटन कारोबार से जुड़े लोगों में भी बेहतर व्यापार की उम्मीद जगी है। परंपरा के अनुसार, माँ माया देवी के दर्शन के बाद ही चारधाम यात्रा को शुभ माना जाता है, जिसे तीर्थ यात्रा का प्रवेश द्वार भी कहा जाता है।