आगरा के एत्माद्दौला थाना क्षेत्र स्थित नगला छीदामी में देर रात हथियारबंद बदमाशों ने एक घर में घुसकर बड़ी डकैती की वारदात को अंजाम दिया। बदमाशों ने छत का लेंटर काटकर घर में प्रवेश किया और गृहस्वामी को तमंचे व पिस्टल की नोक पर बंधक बना लिया।
इसके बाद बदमाशों ने घर में जमकर लूटपाट की और करीब 30 से 35 किलो चांदी सहित कीमती सामान लूटकर फरार हो गए। पीड़ित राधेश्याम के अनुसार, वह रात में सो रहे थे तभी छत से आवाज आने पर उनकी नींद खुली और बदमाशों ने उन्हें हथियारों के बल पर काबू में कर लिया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। पूरे क्षेत्र में घेराबंदी कर बदमाशों की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।