मथुरा। जनपद में चल रहे 15 दिवसीय विशेष स्वच्छता, प्रवर्तन, सौंदर्यीकरण एवं जन-जागरूकता महाअभियान के तहत नगर निगम ने मंगलवार को अवैध अतिक्रमण के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया। औरंगाबाद जोन में हुई इस कार्रवाई के दौरान नगर निगम की टीम ने जेसीबी और ट्रैक्टर-ट्रॉली की मदद से सड़क किनारे किए गए अस्थायी अतिक्रमणों को हटाया और कई सामानों को जब्त कर लिया।
नगर आयुक्त के निर्देश पर सहायक नगर आयुक्त कल्पना सिंह चौहान के नेतृत्व में दामोदरपुर से टाउनशिप और टाउनशिप से नवादा टैकमैन तक विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान सड़क और सार्वजनिक स्थानों पर लगाए गए ठेले, खोमचे, अवैध होर्डिंग, बैनर तथा अन्य अस्थायी अतिक्रमण हटाए गए। कार्रवाई के दौरान कई लोगों में हड़कंप की स्थिति देखने को मिली।
नगर निगम की टीम ने केवल अतिक्रमण हटाने तक ही कार्रवाई सीमित नहीं रखी, बल्कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आर्थिक दंड भी लगाया। अभियान के दौरान मौके पर ही 29 हजार रुपये का जुर्माना वसूल किया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शहर को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाने के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
नगर निगम ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर अतिक्रमण न करें और स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं। निगम का कहना है कि “हम सबने ठाना है, ब्रज को स्वच्छ बनाना है” केवल नारा नहीं, बल्कि जनभागीदारी से पूरा होने वाला संकल्प है।