मथुरा-वृंदावन नगर निगम द्वारा प्रत्येक मंगलवार को आयोजित किए जाने वाले संभव दिवस में आज नागरिकों की समस्याओं को सुनने और उनके समाधान के लिए विशेष जनसुनवाई आयोजित की गई। सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक चले इस कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने लोगों की शिकायतें सुनीं और उनके त्वरित निस्तारण के लिए आवश्यक निर्देश दिए।
भूतेश्वर जोन कार्यालय में आयोजित संभव दिवस की अध्यक्षता अपर नगर आयुक्त सौरभ सिंह ने की। जनसुनवाई के दौरान अधिकांश शिकायतें निर्माण कार्य, नालियों की सफाई, जल निकासी और अन्य नागरिक सुविधाओं से संबंधित प्राप्त हुईं। अधिकारियों ने शिकायतकर्ताओं की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
अपर नगर आयुक्त सौरभ सिंह ने बताया कि दोपहर 1 बजे तक कुल 7 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से एक शिकायत का मौके पर ही समाधान कर दिया गया, जबकि शेष 6 शिकायतों के निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं का शीघ्र एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है।
उन्होंने बताया कि संभव दिवस के माध्यम से लोगों को अपनी समस्याएं सीधे अधिकारियों के समक्ष रखने का अवसर मिलता है, जिससे शिकायतों के निस्तारण में पारदर्शिता और गति आती है। नगर निगम लगातार प्रयास कर रहा है कि जनसमस्याओं का समयबद्ध समाधान कर नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।