जिला माहेश्वरी सभा, मथुरा द्वारा आयोजित पंचदिवसीय महेशोत्सव-2026 के अंतर्गत रविवार को विभिन्न सांस्कृतिक, शैक्षिक और मनोरंजक प्रतियोगिताओं का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बच्चों, युवाओं, महिलाओं और पुरुषों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
आयोजन के दौरान 3 से 5 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों के लिए “नमस्ते या बड़ों का सम्मान” अभिनय प्रतियोगिता, 5 से 8 वर्ष के बच्चों के लिए शिव श्लोक एवं स्तुति प्रतियोगिता, तथा 9 से 13 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों के लिए संस्कार एवं नैतिकता आधारित कहानी वाचन प्रतियोगिता आयोजित की गई।
वहीं युवाओं के लिए वाद-विवाद प्रतियोगिता, युवतियों के लिए एकल नृत्य प्रतियोगिता, विवाहित महिलाओं के लिए पाक-कला प्रतियोगिता तथा युवाओं के लिए रील एवं शॉर्ट वीडियो मेकिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसके अलावा म्यूजिकल चेयर, मजेदार दौड़, शतरंज, कैरम और डम्ब शराड्स जैसी प्रतियोगिताएं भी आकर्षण का केंद्र रहीं।
कार्यक्रम की सफलता में जिला माहेश्वरी सभा के अध्यक्ष प्रशांत माहेश्वरी, सचिव निखिल गांधी, कोषाध्यक्ष देवेंद्र राठी, माहेश्वरी युवा संगठन तथा महिला मंडल के पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। महिला मंडल की अध्यक्षा शिप्रा राठी के नेतृत्व में कार्यक्रम का सफल संचालन किया गया।
प्रतियोगिताओं का मूल्यांकन विभिन्न क्षेत्रों के अनुभवी निर्णायकों द्वारा किया गया। समापन अवसर पर सभी प्रतिभागियों, अभिभावकों, निर्णायकों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया गया तथा समाज की संस्कृति, संस्कार और एकता को मजबूत बनाने के लिए भविष्य में भी ऐसे आयोजनों को निरंतर आयोजित करने का संकल्प लिया गया।