मथुरा-वृन्दावन नगर निगम के महापौर विनोद अग्रवाल ने रविवार को भूतेश्वर पुल पर लंबे समय से चली आ रही जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए चल रहे कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों से कार्य की प्रगति की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान महापौर ने अधिकारियों से कहा कि जनहित से जुड़े इस महत्वपूर्ण कार्य को निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए, ताकि बरसात के मौसम में लोगों को होने वाली परेशानी से राहत मिल सके।
महापौर विनोद अग्रवाल ने कहा कि हर वर्ष बारिश के दौरान भूतेश्वर पुल पर जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो जाती है, जिससे आम नागरिकों, वाहन चालकों और राहगीरों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। नगर निगम इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए पूरी गंभीरता से कार्य कर रहा है।
उन्होंने कहा कि कार्य पूर्ण होने के बाद क्षेत्रवासियों को जलभराव और यातायात बाधित होने जैसी समस्याओं से काफी राहत मिलेगी। साथ ही अधिकारियों को तकनीकी गुणवत्ता बनाए रखने और सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।