गोवर्धन तहसील क्षेत्र के कस्बा सौंख स्थित प्राचीन ओढ़म वाली देवी माँ मंदिर के सौंदर्यीकरण एवं विकास कार्यों का रविवार को विधिवत शिलान्यास किया गया। उत्तर प्रदेश सरकार के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की और क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की।
इस अवसर पर पर्यटन मंत्री ने बताया कि मंदिर परिसर के विकास और सौंदर्यीकरण पर 2 करोड़ 8 लाख रुपये की धनराशि खर्च की जाएगी। परियोजना के अंतर्गत मंदिर परिसर को आकर्षक स्वरूप दिया जाएगा तथा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विभिन्न आधारभूत व्यवस्थाएं विकसित की जाएंगी।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित एवं विकसित करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। ओढ़म वाली देवी मंदिर के विकास से न केवल क्षेत्र की धार्मिक पहचान मजबूत होगी, बल्कि धार्मिक पर्यटन को भी नई दिशा मिलेगी।
परियोजना के तहत श्रद्धालुओं के लिए बेहतर सुविधाएं, सुंदरीकरण कार्य और पर्यटन की दृष्टि से आवश्यक आधारभूत ढांचे का निर्माण कराया जाएगा, जिससे दूर-दराज से आने वाले भक्तों को सुविधा मिल सके।
शिलान्यास कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, मंदिर समिति के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। क्षेत्रवासियों ने मंदिर के विकास कार्यों के लिए प्रदेश सरकार और पर्यटन विभाग का आभार व्यक्त किया।