कोसीकलां में 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 के अवसर पर नगर पालिका परिषद द्वारा भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नागरिकों, युवाओं और गणमान्य लोगों ने भाग लेकर योगाभ्यास किया तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का संचालन भारत स्वाभिमान न्यास के जिला प्रभारी डॉ. अमर सिंह पौनिया के मार्गदर्शन में किया गया। उन्होंने उपस्थित लोगों को विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कराते हुए योग के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि योग केवल शरीर को स्वस्थ रखने का माध्यम नहीं, बल्कि मानसिक शांति, आत्मविश्वास और संतुलित जीवन का आधार भी है।
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष धर्मवीर अग्रवाल, उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष कन्हैयालाल गोयल, मंडल प्रवासी मेरुकांत पांडेय, मंडल अध्यक्ष सौरभ जैन, महामंत्री डॉ. सत्यवीर सांगवान, डॉ. धर्मप्रकाश आर्य सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान योग में उत्कृष्ट सहभागिता करने वाले प्रतिभागियों को अतिथियों द्वारा स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। सम्मान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों ने इसे प्रेरणा का स्रोत बताते हुए समाज में योग के प्रति जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।
वक्ताओं ने कहा कि योग भारत की प्राचीन संस्कृति की अमूल्य धरोहर है और आज पूरी दुनिया इसकी उपयोगिता को स्वीकार कर रही है। योग के नियमित अभ्यास से व्यक्ति शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक रूप से मजबूत बनता है। उन्होंने सभी नागरिकों से योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की।