Please wait we are preparing awesome things...

Sunday, 21 Jun 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
नकली पनीर फैक्ट्री पर एफएसडीए का बड़ा छापा, 1200 किलो पनीर और 3000 लीटर दूध नष्ट

कोसीकलां में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नकली पनीर बनाने के एक संगठित कारोबार का भंडाफोड़ किया है। शाहपुर रोड स्थित गोपाल बाग क्षेत्र में संचालित एक डेयरी पर छापेमारी के दौरान भारी मात्रा में नकली पनीर और मिश्रित दूध बरामद किया गया, जिसे मौके पर ही नष्ट करा दिया गया।

सहायक आयुक्त (खाद्य) द्वितीय जतिन कुमार सिंह ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर जनपद में मिलावटी और अधोमानक खाद्य पदार्थों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत पुलिस बल के साथ एफएसडीए टीम ने कल्लू डेयरी पर छापा मारा।

जांच में खुलासा हुआ कि डेयरी में पाउडर और पामोलिन ऑयल की मदद से नकली पनीर तैयार किया जा रहा था। मौके से करीब 1200 किलोग्राम नकली पनीर और 3000 लीटर मिश्रित दूध बरामद हुआ। खाद्य सुरक्षा टीम ने पूरे माल को गड्ढा खुदवाकर नष्ट कराया ताकि यह बाजार में न पहुंच सके।

कार्रवाई के दौरान पनीर, दूध, घी और क्रीम समेत पांच खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए। वहीं नकली पनीर बनाने में इस्तेमाल किए जा रहे पाउडर, रिफाइंड और घी को भी जब्त कर लिया गया। गंभीर अनियमितताएं पाए जाने पर डेयरी का खाद्य लाइसेंस निरस्त कर परिसर को सील कर दिया गया।

एफएसडीए टीम ने पास स्थित आरएसडी डेयरी से भी पनीर का नमूना लिया। इस प्रकार कुल छह नमूनों को जांच के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेजा गया है। अधिकारियों का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद संबंधित संचालकों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इस बड़ी कार्रवाई के बाद क्षेत्र में मिलावटी खाद्य पदार्थों का कारोबार करने वालों में हड़कंप मच गया है। स्थानीय लोगों ने खाद्य विभाग की इस कार्रवाई का स्वागत करते हुए ऐसे अभियान लगातार चलाने की मांग की है।

Previous News

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर नगर पालिका का भव्य आयोजन, योग साधकों को किया सम्मानित

Next News

योग दिवस पर मथुरा में उमड़ा जनसैलाब, नेताओं-अधिकारियों ने किया सामूहिक योगाभ्यास