मथुरा के फरह स्थित भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद – केंद्रीय बकरी अनुसंधान संस्थान (सीआईआरजी) में शनिवार को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 23वीं किस्त के हस्तांतरण कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया गया। संस्थान परिसर में एलईडी स्क्रीन के माध्यम से आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसानों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और प्रधानमंत्री के संबोधन को सुना।
कार्यक्रम में केंद्रीय मत्स्य पालन, पशुपालन एवं डेयरी राज्यमंत्री प्रो. एस.पी. सिंह बघेल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि दीनदयाल धाम शोध केंद्र, फरह के निदेशक सोनपाल विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए।
अपने संबोधन में प्रो. एस.पी. सिंह बघेल ने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना किसानों को खेती-किसानी की आवश्यकताओं के लिए आर्थिक संबल प्रदान करने वाली महत्वपूर्ण योजना है। उन्होंने किसानों को फसल बीमा योजना, आयुष्मान भारत योजना एवं कृषक दुर्घटना कल्याण योजना जैसी अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी और उनका लाभ उठाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम बंगाल के तारकेश्वर (हुगली) से देशभर के किसानों को संबोधित करते हुए कृषि और किसान कल्याण के लिए केंद्र सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। प्रधानमंत्री ने एक क्लिक के माध्यम से देश के 9.44 करोड़ से अधिक किसानों के खातों में लगभग 18,800 करोड़ रुपये की राशि हस्तांतरित की।
प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में महिला किसानों के सशक्तिकरण पर विशेष जोर देते हुए बताया कि 23वीं किस्त के अंतर्गत करीब 2.18 करोड़ महिला किसान भी लाभान्वित होंगी। उन्होंने कहा कि यह योजना महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने और कृषि क्षेत्र में उनकी भागीदारी को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
कार्यक्रम के दौरान किसानों ने योजना के प्रति खुशी जताई और इसे कृषि क्षेत्र के लिए लाभकारी पहल बताया। संस्थान के अधिकारियों ने भी किसानों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी देकर जागरूक किया।