Please wait we are preparing awesome things...

Saturday, 20 Jun 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
समर कैंप में निखरी क्रिकेट प्रतिभाएं, बच्चों को सिखाई गई खेल की बारीकियां

कोसीकलां स्थित जयंत क्रिकेट अकैडमी में आयोजित समर क्रिकेट कैंप का उत्साहपूर्ण समापन हुआ। कैंप के दौरान बच्चों को क्रिकेट की तकनीकी बारीकियों के साथ-साथ अनुशासन, खेल भावना और जिम्मेदारी जैसे महत्वपूर्ण गुणों का प्रशिक्षण दिया गया। अकैडमी संचालक विवेक चौधरी ने बताया कि इस कैंप का मुख्य उद्देश्य युवा प्रतिभाओं को सही दिशा देना और उनके खेल कौशल को निखारना था।

कैंप में अनुभवी कोचों द्वारा खिलाड़ियों को बल्लेबाजी, गेंदबाजी, फील्डिंग और फिटनेस से जुड़ी महत्वपूर्ण तकनीकों का प्रशिक्षण दिया गया। बच्चों ने पूरे उत्साह और लगन के साथ प्रशिक्षण प्राप्त किया तथा अपने खेल कौशल में सुधार किया।

विवेक चौधरी ने कहा कि जयंत क्रिकेट अकैडमी केवल क्रिकेट सिखाने का केंद्र नहीं, बल्कि प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को पहचानकर उन्हें आगे बढ़ाने का मंच है। उन्होंने कहा कि अकैडमी के द्वार हर वर्ग के बच्चों के लिए खुले हैं और आर्थिक स्थिति किसी भी प्रतिभाशाली खिलाड़ी की राह में बाधा नहीं बनने दी जाएगी।

समर कैंप के दौरान कई अनुभवी खिलाड़ियों ने भी बच्चों का मार्गदर्शन किया। पूर्व रणजी खिलाड़ी चंद्रपाल सैनी (हरियाणा एवं रेलवे), अनूप अहलावत, यशपाल डागर, भरत रावत और हैप्पी ने खिलाड़ियों के साथ अपने अनुभव साझा किए और उन्हें खेल की बारीकियों से अवगत कराया। उन्होंने मैच परिस्थितियों में बेहतर प्रदर्शन, मानसिक मजबूती और खेल के प्रति समर्पण के महत्व पर भी प्रकाश डाला।

विवेक चौधरी ने बताया कि अकैडमी का उद्देश्य किसी प्रकार का व्यावसायिक लाभ नहीं, बल्कि क्षेत्र में क्रिकेट को बढ़ावा देना और युवा खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में भी ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे, ताकि खिलाड़ी जिला, प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकें।

अंत में उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने की अपील करते हुए कहा कि खेल शारीरिक स्वास्थ्य के साथ-साथ मानसिक विकास और व्यक्तित्व निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

Previous News

पीएम किसान सम्मान निधि की 23वीं किस्त जारी, 9.44 करोड़ किसानों के खातों में पहुंचे ₹18,800 करोड़

Next News

काम से लौट रहे दो दोस्तों को कंटेनर ने कुचला, NH-19 पर दर्दनाक हादसे में दोनों की मौत