Please wait we are preparing awesome things...

Saturday, 20 Jun 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
"हम सबने यह ठाना है, ब्रज को स्वच्छ बनाना है" : सोमवार से शुरू होगा 15 दिवसीय महाअभियान

मथुरा-वृंदावन समेत संपूर्ण ब्रज क्षेत्र को स्वच्छ, सुंदर और प्लास्टिक मुक्त बनाने के उद्देश्य से सोमवार से 15 दिवसीय विशेष स्वच्छता अभियान शुरू किया जाएगा। उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद और हार्टफुलनेस फाउंडेशन की संयुक्त पहल पर आयोजित इस अभियान का प्रेरक नारा "हम सबने यह ठाना है, ब्रज को स्वच्छ बनाना है" रखा गया है।

अभियान की तैयारियों को लेकर शनिवार को ब्रज तीर्थ विकास परिषद के उपाध्यक्ष शैलजा कांत मिश्र की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में मंडलायुक्त नगेंद्र प्रताप, जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार, नगर आयुक्त जग प्रवेश सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

बैठक में निर्णय लिया गया कि अभियान केवल मथुरा शहर तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि वृंदावन, गोवर्धन, बरसाना और ब्रज क्षेत्र के प्रमुख तीर्थस्थलों में भी व्यापक स्तर पर चलाया जाएगा। अभियान के दौरान प्लास्टिक कचरे और अन्य अपशिष्ट पदार्थों का संग्रहण कर उनका वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण किया जाएगा।

विशेष रूप से वृंदावन, गोवर्धन और बरसाना जैसे प्रमुख धार्मिक स्थलों पर अधिक फोकस किया जाएगा, जहां प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु और तीर्थयात्री पहुंचते हैं। अभियान में नगर निकायों, ग्राम पंचायतों, सरकारी विभागों, स्वयंसेवी संस्थाओं, शैक्षणिक संस्थानों और आम नागरिकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।

हार्टफुलनेस फाउंडेशन के स्वयंसेवक भी विभिन्न क्षेत्रों में सफाई गतिविधियों में हिस्सा लेंगे। वहीं स्कूलों और कॉलेजों के विद्यार्थियों को भी अभियान से जोड़कर स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा।

अधिकारियों ने बताया कि पहले चरण में यह अभियान 15 दिनों तक लगातार संचालित होगा। इसके बाद ब्रज के प्रमुख तीर्थस्थलों पर प्रत्येक रविवार को नियमित स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा, ताकि स्वच्छता की यह पहल स्थायी रूप से जारी रह सके।

बैठक में यह भी विचार किया गया कि परिक्रमा मार्गों और तीर्थस्थलों पर लगने वाले भंडारों के दौरान स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए अलग कार्ययोजना तैयार की जाए।

अधिकारियों ने कहा कि ब्रज की स्वच्छता केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर नागरिक का कर्तव्य है। जनसहभागिता से ही स्वच्छ, सुंदर और दिव्य ब्रज का सपना साकार किया जा सकता है।

Previous News

ई-रजिस्ट्री विरोधी आंदोलन को मिला राजनीतिक बल, मांट धरने पर जुटे विपक्षी दलों के दिग्गज नेता

Next News

पीएम किसान सम्मान निधि की 23वीं किस्त जारी, 9.44 करोड़ किसानों के खातों में पहुंचे ₹18,800 करोड़