मथुरा के थाना नौहझील क्षेत्र में अवैध बालू खनन के दौरान एक दर्दनाक घटना में 26 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान सचिन पुत्र शुगर सिंह निवासी अड्डा मीणा के रूप में हुई है। घटना के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया, जिससे मामला और भी संदिग्ध हो गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सचिन गुरुवार रात अपने कुछ साथियों के साथ यमुना किनारे बालू लेने गया था। बताया जा रहा है कि वह अपनी बाइक खड़ी कर पास में बैठकर खाना खा रहा था। इसी दौरान बालू भरने के लिए ट्रैक्टर-ट्रॉली को पीछे किया जा रहा था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक सचिन के ऊपर चढ़ गई, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और चालक ट्रैक्टर-ट्रॉली छोड़कर फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं मृतक के परिजनों ने इस घटना को महज हादसा मानने से इनकार कर दिया है।
परिजनों का आरोप है कि सचिन को साजिश के तहत जानबूझकर ट्रैक्टर-ट्रॉली से कुचला गया है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज करने और कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। युवक की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है और गांव में शोक का माहौल है।