Please wait we are preparing awesome things...

Friday, 19 Jun 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
राष्ट्रपति सम्मान से सम्मानित हुए वृंदावन के कलाकार निताई बोस, ब्रज की लघु चित्रकला को दिलाई राष्ट्रीय पहचान

वृंदावन के प्रसिद्ध बृज शैली मिनेचर आर्टिस्ट निताई बोस को देश की महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा राष्ट्रपति सम्मान से सम्मानित किया गया है। राष्ट्रपति भवन में आयोजित विशेष समारोह में उन्हें यह प्रतिष्ठित सम्मान प्रदान किया गया, जिससे न केवल वृंदावन बल्कि पूरे ब्रज क्षेत्र का गौरव बढ़ा है।

गौरतलब है कि राष्ट्रपति भवन में 4 जून से 14 जून तक दस दिवसीय बृज शैली मिनेचर आर्ट कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। इस कार्यशाला के समापन अवसर पर 15 जून को आयोजित गरिमामयी समारोह में देश के 11 राज्यों से चयनित कलाकारों को सम्मानित किया गया। इनमें उत्तर प्रदेश और विशेष रूप से मथुरा जनपद से निताई बोस एकमात्र कलाकार रहे, जिन्हें इस प्रतिष्ठित सम्मान के लिए चुना गया।

सम्मान के रूप में उन्हें प्रशस्ति पत्र के साथ सम्मान राशि भी प्रदान की जाएगी। यह उपलब्धि ब्रज की समृद्ध कला और सांस्कृतिक विरासत के लिए भी एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।

निताई बोस पिछले लगभग 35 वर्षों से मिनेचर आर्ट यानी लघु चित्रकला के संरक्षण और संवर्धन में सक्रिय रूप से कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कला की प्रारंभिक शिक्षा अपने गुरु श्री रमेश चंद शर्मा से प्राप्त की और बाद में गुरु श्री नित्य गोपाल शर्मा के मार्गदर्शन में इस कला की बारीकियों को आत्मसात किया।

कला के प्रति उनकी निष्ठा, समर्पण और वर्षों की साधना का ही परिणाम है कि आज उन्हें देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद से सम्मान प्राप्त हुआ है। उनके इस सम्मान से कला जगत और ब्रज क्षेत्र में खुशी की लहर है तथा विभिन्न सामाजिक, सांस्कृतिक और धार्मिक संगठनों ने उन्हें बधाई दी है।

निताई बोस की यह उपलब्धि युवा कलाकारों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनेगी और ब्रज की पारंपरिक लघु चित्रकला को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने में सहायक सिद्ध होगी।

Previous News

मथुरा जंक्शन तलवारकांड का 24 घंटे में खुलासा, जीआरपी ने दोनों आरोपियों को दबोचा

Next News

बालू खनन के दौरान युवक की दर्दनाक मौत, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप