कासगंज जनपद में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एंटी करप्शन टीम ने सहावर थाना कोतवाली में तैनात उपनिरीक्षक भगवती प्रसाद को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि दरोगा पर एक पीड़ित व्यक्ति से मामले में मदद और कार्रवाई के नाम पर रिश्वत मांगने का आरोप था। शिकायत मिलने के बाद एंटी करप्शन टीम ने योजना बनाकर जाल बिछाया और आरोपी दरोगा को रिश्वत की रकम लेते समय धर दबोचा।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी उपनिरीक्षक को टीम अपने साथ ले गई और उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। इस कार्रवाई की खबर फैलते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया और अधिकारियों के बीच भी चर्चा का विषय बन गई। मामले की जांच जारी है और संबंधित अधिकारियों का कहना है कि भ्रष्टाचार के मामलों में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। एंटी करप्शन टीम की इस कार्रवाई को प्रशासन की भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस नीति के तौर पर देखा जा रहा है।