मथुरा जंक्शन रेलवे स्टेशन पर गुरुवार को सीट पर बैठने को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि सचखंड एक्सप्रेस ट्रेन में बैठे कुछ लोगों ने एक युवक पर तलवार से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद स्टेशन पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घायल युवक गोविंद शर्मा पुत्र ओमप्रकाश शर्मा निवासी अयोध्या नगर, थाना यमुनापार ने बताया कि वह अपनी पत्नी अंजना शर्मा को ग्वालियर जाने के लिए सचखंड एक्सप्रेस में बैठाने आया था। ट्रेन में पहले से बैठे कुछ यात्रियों से उन्होंने अपनी पत्नी के बैठने के लिए थोड़ी जगह देने का अनुरोध किया था।
गोविंद शर्मा का आरोप है कि इसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया और दूसरे पक्ष ने उनके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। जब उन्होंने इसका विरोध किया तो उन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया गया, जिससे उनका कान कट गया और वह घायल हो गए।
पीड़ित का यह भी आरोप है कि जब उनकी पत्नी अंजना शर्मा बीच-बचाव करने पहुंचीं तो उनके साथ भी अभद्र व्यवहार किया गया। घटना के बाद स्टेशन पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया।
सूचना मिलते ही जीआरपी पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को उपचार के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर जीआरपी पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।
फिलहाल पुलिस स्टेशन और ट्रेन में मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर घटना की जांच कर रही है। मामले में आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर की जाएगी।