मथुरा के ग्राम महुअन की अंबेडकर सुधार समिति के प्रतिनिधिमंडल ने बलदेव विधायक पूरन प्रकाश के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर क्षेत्र से जुड़े विभिन्न जनहित के मुद्दों पर चर्चा की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने गांव में भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा स्थापित कराने की मांग प्रमुखता से उठाई।
समिति के पदाधिकारी सत्य प्रकाश निगम ने मुख्यमंत्री को बताया कि ग्राम सभा की एक भूमि वर्ष 1995 से राजस्व अभिलेखों में "डॉ. भीमराव अंबेडकर पार्क" के नाम से दर्ज है। ऐसे में इसी स्थल पर बाबा साहब की प्रतिमा स्थापित कर क्षेत्र के लोगों को उनके विचारों, सामाजिक समरसता और संवैधानिक मूल्यों से जोड़ने का प्रयास किया जाना चाहिए।
प्रतिनिधिमंडल का कहना था कि प्रतिमा स्थापना से युवाओं को डॉ. भीमराव अंबेडकर के संघर्ष, शिक्षा और सामाजिक न्याय के संदेश से प्रेरणा मिलेगी। साथ ही समाज में समानता, भाईचारे और संविधान के प्रति जागरूकता का प्रसार होगा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रतिनिधिमंडल की मांग को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को प्रस्ताव का परीक्षण कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर विधायक पूरन प्रकाश ने भी मांग का समर्थन करते हुए कहा कि यह विषय क्षेत्र की जनभावनाओं से जुड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि बाबा साहब की प्रतिमा स्थापना से समाज में शिक्षा, समानता और संवैधानिक मूल्यों के प्रति जागरूकता को बढ़ावा मिलेगा।
प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री का समय देने और उनकी मांग पर सकारात्मक रुख अपनाने के लिए आभार व्यक्त किया।