नई दिल्ली। जंतर-मंतर पर हुए कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के प्रदर्शन के बाद भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का पहला बयान सामने आया है। उन्होंने बिना नाम लिए सीजेपी और उसके संस्थापक अभिजीत दीपके पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ लोग विदेश में बैठकर भारत के युवाओं को दिशा देने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन देश का युवा किसी के बहकावे में आने वाला नहीं है।
रांची में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नितिन नवीन ने कहा कि डिजिटल युग का इस्तेमाल युवाओं को नकारात्मक राजनीति की ओर ले जाने के लिए नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि भारत का युवा अपनी मेहनत और क्षमता से देश को आगे बढ़ा रहा है और वह सकारात्मक राजनीति में विश्वास रखता है।
बीजेपी अध्यक्ष ने कहा कि लोकतंत्र में विरोध प्रदर्शन करना हर नागरिक का अधिकार है, लेकिन लोकतांत्रिक मर्यादाओं का पालन भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ ताकतें डिजिटल माध्यमों का उपयोग कर भ्रम फैलाने और युवाओं को गुमराह करने का प्रयास कर रही हैं।
गौरतलब है कि जंतर-मंतर पर सीजेपी के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन में बड़ी संख्या में छात्र और युवा शामिल हुए थे। प्रदर्शन के दौरान केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग उठाई गई और सरकार को सात दिन का अल्टीमेटम भी दिया गया।
वहीं सीजेपी संस्थापक अभिजीत दीपके ने कहा है कि यदि उनकी मांगें नहीं मानी गईं तो आंदोलन को देशव्यापी रूप दिया जाएगा।