Please wait we are preparing awesome things...

Saturday, 06 Jun 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
हिमाचल में देर रात कांपी धरती, धर्मशाला से चंडीगढ़ तक महसूस हुए भूकंप के तेज झटके

हिमाचल प्रदेश में शुक्रवार देर रात भूकंप के झटकों से लोगों में दहशत फैल गई। रात करीब 10:04 बजे आए भूकंप के झटके धर्मशाला, कांगड़ा, चंबा, डलहौजी, भरमौर और होली समेत कई इलाकों में महसूस किए गए। इसके अलावा पंचकूला, चंडीगढ़ और आसपास के क्षेत्रों में भी लोगों ने धरती हिलने का एहसास किया।

भूकंप का केंद्र धर्मशाला से लगभग 18 किलोमीटर दूर बताया गया है। विभिन्न एजेंसियों ने इसकी तीव्रता 4.3 से 5.0 के बीच दर्ज की है। झटके कुछ सेकंड तक महसूस हुए, जिसके बाद लोग एहतियातन अपने घरों और इमारतों से बाहर निकल आए।

भूकंप की वजह से कई इलाकों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि देर रात तक किसी प्रकार के जान-माल के नुकसान या किसी के घायल होने की सूचना सामने नहीं आई थी। प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।

विशेषज्ञों के अनुसार हिमालयी क्षेत्र भूकंपीय दृष्टि से अत्यंत संवेदनशील माना जाता है, इसलिए हिमाचल प्रदेश और आसपास के राज्यों में समय-समय पर भूकंप के झटके महसूस होते रहते हैं। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी आपात स्थिति में सतर्क रहने की अपील की है।

Previous News

मोबाइल कैसे पहुंचे संरक्षण गृह तक? 11 फोन मिलने के बाद शुरू हुई पड़ताल

Next News

पंजाब में भीषण सड़क हादसा, ट्रक और पिकअप की टक्कर में 9 लोगों की मौत - 13 घायल, अंतिम संस्कार में जा रहे थे