महोबा। महोबा के चरखारी थाना क्षेत्र में फर्ज की राह पर निकले एक होमगार्ड की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। ड्यूटी पर जाते समय अज्ञात वाहन की टक्कर से घायल हुए होमगार्ड फूलचंद्र अहिरवार ने ग्वालियर में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार, रिवई गांव निवासी 50 वर्षीय फूलचंद्र अहिरवार बीते शनिवार रात अपनी ड्यूटी के लिए प्लेटिना मोटरसाइकिल से चरखारी कोतवाली जा रहे थे। जैसे ही वह जरौली तिगैला के पास पहुंचे, पीछे से आए तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, जहां से हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल महोबा और फिर बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज ग्वालियर रेफर किया गया। लेकिन उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
मृतक अपने पीछे पत्नी लक्ष्मी, चार पुत्र और एक पुत्री सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज व अन्य साक्ष्यों के आधार पर अज्ञात वाहन की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। अधिकारियों ने जल्द ही आरोपी वाहन चालक को पकड़ने और सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है।