लखीमपुर खीरी। मंगलवार को फायर स्टेशन लखीमपुर खीरी में अग्निशमन सेवा स्मृति दिवस के अवसर पर परेड एवं श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान 14 अप्रैल 1944 को मुंबई बंदरगाह पर हुए भीषण अग्निकांड में शहीद 66 अग्निशमन कर्मियों को भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई।
कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक पवन गौतम, मुख्य अग्निशमन अधिकारी अक्षय रंजन शर्मा सहित अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों ने दो मिनट का मौन रखकर शहीदों को नमन किया।
इस अवसर पर अग्निशमन विभाग द्वारा आमजन को आग से बचाव और सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के लिए एक रैली भी निकाली गई। अधिकारियों ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया, जिसके माध्यम से लोगों को अग्नि सुरक्षा के महत्वपूर्ण उपायों की जानकारी दी गई और सुरक्षित व्यवहार अपनाने की अपील की गई।