वृंदावन की बृजधाम कॉलोनी में उस समय हड़कंप मच गया, जब संदिग्ध गतिविधियों और कथित अनैतिक कार्यों का विरोध करने वाली महिला पर पड़ोस में रहने वाली महिलाओं ने हमला बोल दिया। आरोप है कि महिलाओं ने घर में घुसकर पीड़िता को बेरहमी से पीटा और उसे लहूलुहान कर दिया।
घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस को भी भारी विरोध का सामना करना पड़ा। आरोपी महिलाओं ने पुलिस और थाना प्रभारी के साथ अभद्रता करते हुए धक्का-मुक्की की और जमकर हंगामा काटा। हालात बिगड़ते देख अतिरिक्त महिला पुलिस बल बुलाना पड़ा।
पुलिस ने मौके से चार महिलाओं को हिरासत में लिया है। बताया जा रहा है कि कॉलोनी के एक किराए के फ्लैट में रह रही महिलाओं के यहां संदिग्ध लोगों का आना-जाना लगा रहता था, जिसकी शिकायत पड़ोस में रहने वाली महिला ने पुलिस से की थी।
मूल रूप से मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ निवासी पीड़िता यशोदा का आरोप है कि शिकायत से नाराज महिलाओं ने बदला लेने के लिए उसके घर में घुसकर हमला किया।
घटना के बाद कॉलोनीवासियों में भारी आक्रोश फैल गया। बड़ी संख्या में लोग कोतवाली पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
पुलिस का कहना है कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।