देशभर में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में एक बार फिर बढ़ोतरी कर दी गई है। सरकारी तेल कंपनियों ने शनिवार सुबह पेट्रोल के दाम में करीब 87 पैसे और डीजल में 91 पैसे प्रति लीटर की वृद्धि की है। इसके साथ ही सीएनजी की कीमतों में भी इजाफा हुआ है।
पिछले 10 दिनों में यह तीसरी बार है जब पेट्रोलियम पदार्थों के दाम बढ़ाए गए हैं। इससे पहले 15 मई को पेट्रोल-डीजल के दाम में 3-3 रुपये की बढ़ोतरी हुई थी, जबकि 19 मई को भी कीमतों में इजाफा किया गया था। लगातार बढ़ रही कीमतों के कारण 10 दिनों में पेट्रोल-डीजल करीब 5 रुपये तक महंगे हो चुके हैं।
नई दरों के अनुसार राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में पेट्रोल की कीमत बढ़कर 99.51 रुपये प्रति लीटर हो गई है, जबकि डीजल अब 92.49 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है। वहीं सीएनजी के दाम में 1 रुपये प्रति किलो की बढ़ोतरी के बाद इसकी नई कीमत करीब 81.09 रुपये प्रति किलो हो गई है।
बताया जा रहा है कि मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव का असर अब भारत में ईंधन की कीमतों पर साफ दिखाई देने लगा है। लगातार बढ़ती महंगाई से आम जनता पर आर्थिक बोझ बढ़ता जा रहा है।
हालांकि कुछ दिन पहले केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्रालय ने कहा था कि देश में पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त भंडार मौजूद है और सप्लाई पूरी तरह स्थिर बनी हुई है। मंत्रालय ने लोगों से अफवाहों से बचने और घबराने की जरूरत न होने की अपील भी की थी