14 फरवरी 2019 के पुलवामा आतंकी हमले से जुड़े बताए जा रहे आतंकी हमजा बुरहान की पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (पीओके) में गोली मारकर हत्या कर दी गई है। जानकारी के मुताबिक मुजफ्फराबाद में अज्ञात हमलावरों ने उसे निशाना बनाया, जहां मौके पर ही उसकी मौत हो गई। इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
सूत्रों के अनुसार हमजा बुरहान पाकिस्तान आधारित आतंकी नेटवर्क से जुड़ा हुआ था और पुलवामा हमले की साजिश में उसकी अहम भूमिका मानी जाती थी। पुलवामा हमला 14 फरवरी 2019 को जम्मू-कश्मीर में हुआ था, जिसमें सीआरपीएफ के 40 जवान शहीद हो गए थे। इस हमले के बाद पूरे देश में भारी आक्रोश देखने को मिला था और भारत ने जवाबी कार्रवाई करते हुए बालाकोट एयरस्ट्राइक की थी।
बताया जा रहा है कि हमजा बुरहान लंबे समय से सुरक्षा एजेंसियों के रडार पर था। हालांकि उसकी हत्या किसने और क्यों की, इसे लेकर अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
पिछले कुछ वर्षों में पाकिस्तान और पीओके में कई आतंकियों और कट्टरपंथी संगठनों से जुड़े लोगों की रहस्यमय परिस्थितियों में हत्या की घटनाएं सामने आई हैं। कई मामलों में अज्ञात हमलावरों द्वारा गोली मारने या गैंगवार में मौत की खबरें लगातार आती रही हैं।
फिलहाल मुजफ्फराबाद में सुरक्षा एजेंसियां मामले की जांच में जुटी हैं और हमलावरों की तलाश की जा रही है।