ब्रज क्षेत्र में शराब और मांस बिक्री पर रोक लगाने की मांग एक बार फिर तेज हो गई है। वृंदावन के प्रमुख संत प्रेमानंद महाराज का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें वे मथुरा-वृंदावन और ब्रज चौरासी कोस क्षेत्र में मांस और मदिरा की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की अपील कर रहे हैं।
वीडियो में संत प्रेमानंद महाराज कहते दिखाई दे रहे हैं कि ब्रज के पवित्र स्थानों में “अपवित्रता” नहीं होनी चाहिए और कम से कम धार्मिक क्षेत्रों में शराब व मांस की बिक्री पूरी तरह बंद होनी चाहिए।
इस मांग को लेकर ब्रज के अन्य संतों ने भी समर्थन जताया है। बताया जा रहा है कि एक संत द्वारा इस विषय में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र भी भेजा गया है, जिसमें ब्रज क्षेत्र में अंडा, मांस और शराब पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की अपील की गई है।
संतों का कहना है कि ब्रजभूमि भगवान श्रीकृष्ण की लीला स्थली है, जहां श्रद्धालुओं की भावनाएं जुड़ी हुई हैं। उनका मानना है कि इस तरह की चीजें धार्मिक वातावरण को प्रभावित करती हैं और अपराध की घटनाओं को भी बढ़ावा देती हैं।
फिलहाल यह मुद्दा सोशल मीडिया से लेकर संत समाज तक चर्चा में है और प्रशासनिक स्तर पर इस पर आगे क्या रुख अपनाया जाता है, इस पर सभी की नजर बनी हुई है।