धार्मिक नगरी गोवर्धन में नवागत क्षेत्राधिकारी हिमांशु माथुर ने शुक्रवार को अपना कार्यभार संभाल लिया। पदभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट करते हुए श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने और अपराध नियंत्रण पर विशेष जोर देने की बात कही।
सीओ हिमांशु माथुर ने कहा कि गोवर्धन में प्रतिदिन देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु गिरिराज महाराज की सप्तकोसीय परिक्रमा और दर्शन के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में परिक्रमा मार्ग, प्रमुख मंदिरों और कुंडों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जाएगी। पर्व और विशेष आयोजनों के दौरान उमड़ने वाली भीड़ को नियंत्रित करने के लिए भी विशेष इंतजाम किए जाएंगे।
उन्होंने चोरी, लूट और छिनैती जैसी आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने की बात कही। अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के साथ रात्रि गश्त और चेकिंग अभियान को भी बढ़ाया जाएगा।
नवागत सीओ ने आमजन की शिकायतों का प्राथमिकता से निस्तारण करने और पुलिस व जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने को भी अपनी प्राथमिकताओं में शामिल बताया।