उत्तर प्रदेश के बलरामपुर में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे परिवार की खुशियां छीन लीं। बलरामपुर-बहराइच मार्ग पर तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़े ट्रक में जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। इस हादसे में कार सवार पति-पत्नी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उनके 14 वर्षीय बेटे और 7 वर्षीय बेटी गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के मुताबिक, बिहार के पश्चिमी चंपारण जिले के बेतिया स्थित ठाकुराई टोला निवासी 45 वर्षीय अखिलेश कुमार अविनाशी अपनी पत्नी पूनम, बेटे दिव्यांश और बेटी निष्ठा के साथ लखीमपुर में एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। शनिवार सुबह परिवार कार से वापस लौट रहा था। इसी दौरान कोतवाली देहात क्षेत्र के कल्ला भट्टा के पास उनकी कार सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल दोनों बच्चों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है। वहीं, पुलिस ने मृतक दंपती के परिजनों को सूचना दे दी है और मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
एक भीषण टक्कर ने दो मासूम बच्चों के सिर से माता-पिता का साया छीन लिया। हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।