मथुरा का पुराना बस स्टैंड आज भी पीपीपी मॉडल के तहत होने वाले विकास कार्य का इंतजार कर रहा है। योजना के मुताबिक, यहां मल्टीपरपज पार्किंग और शॉपिंग मॉल का निर्माण होना है। साथ ही रोडवेज बसों का संचालन भी यहीं से जारी रहेगा। निर्माण कार्य के लिए कार्यदायी संस्था का टेंडर पास हो चुका है और कई बार निरीक्षण भी किया जा चुका है, लेकिन इसके बावजूद अब तक काम शुरू नहीं हो पाया है।
वहीं दूसरी ओर, इस बस स्टैंड से प्रतिदिन हजारों यात्रियों का आवागमन होता है, लेकिन यात्रियों की सुविधाओं की स्थिति बेहद खराब नजर आती है। बैठने के लिए बने टीन शेड टूटे पड़े हैं, तो वहीं शौचालय और पीने के पानी जैसी बुनियादी सुविधाओं का भी अभाव है।
ऐसे में सवाल उठता है कि जब परियोजना की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, तो फिर निर्माण कार्य शुरू होने में देरी क्यों हो रही है? आखिर मथुरा के पुराने बस स्टैंड को पीपीपी मॉडल के तहत आधुनिक सुविधाओं से कब तक लैस किया जाएगा? अब देखना होगा कि जिम्मेदार अधिकारी इस ओर कब ध्यान देते हैं और यात्रियों को इस बदहाल व्यवस्था से कब राहत मिलती है।