मथुरा में यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ ट्रैफिक पुलिस ने सख्त रुख अपना लिया है। सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए पुलिस लगातार चेकिंग अभियान चला रही है। कार्रवाई के आंकड़े बताते हैं कि नियमों का उल्लंघन करने वालों पर पुलिस की पैनी नजर है। नवंबर महीने में ही 46 हजार 507 वाहनों के चालान किए गए, जबकि 1 हजार 36 वाहनों को सीज किया गया है।
यातायात पुलिस के अनुसार, इस वर्ष अब तक चालान की संख्या 7 लाख 63 हजार 885 तक पहुंच चुकी है। वहीं, 7 हजार 627 वाहनों को सीज किया गया है। पुलिस की विशेष निगरानी बिना हेलमेट, बिना नंबर प्लेट, ओवरस्पीडिंग, गलत दिशा में वाहन चलाने और नशे में ड्राइविंग करने वालों पर है।
बिना नंबर प्लेट चलने वाले वाहनों के खिलाफ भी लगातार कार्रवाई की जा रही है। नवंबर महीने में ऐसे 1 हजार 387 वाहन पकड़े गए, जबकि पूरे वर्ष में यह आंकड़ा 8 हजार 442 तक पहुंच गया है।
मथुरा के प्रमुख चौराहों और मार्गों पर यातायात पुलिस की चेकिंग जारी है। भूतेश्वर, गोवर्धन, मसानी और स्टेट बैंक चौराहे के अलावा मथुरा-वृंदावन रोड और यमुनापार क्षेत्र में भी अभियान चलाया जा रहा है।
एसपी ट्रैफिक राजेश कुमार तिवारी ने स्पष्ट किया है कि यातायात नियमों के प्रति लोगों को जागरूक करने के साथ-साथ नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई भी जारी रहेगी। वाहन चालकों से अपील है कि वे हेलमेट और सीट बेल्ट का इस्तेमाल करें, वाहन के जरूरी दस्तावेज साथ रखें और यातायात नियमों का पालन करें।