Please wait we are preparing awesome things...

Tuesday, 24 Nov 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
मथुरा के पालीखेड़ा में बोरे में मिला खून से लथपथ अज्ञात शव, हत्या की आशंका से मचा हड़कंप

मथुरा में मंगलवार को एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। थाना हाईवे क्षेत्र के पालीखेड़ा स्थित ट्रांसपोर्ट नगर में एक बोरे के अंदर अज्ञात व्यक्ति का खून से लथपथ शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सड़क किनारे बोरे में शव मिलने की खबर फैलते ही आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई और क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी सूचना थाना हाईवे पुलिस को दी।

सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हलचल मच गई। सीओ रिफाइनरी प्रवीण तिवारी, थाना हाईवे प्रभारी बैजनाथ सिंह और मंडी चौकी प्रभारी रोहित उज्ज्वल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को बोरे से बाहर निकलवाकर कब्जे में लिया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

प्रारंभिक जांच में मृतक के सिर और शरीर पर चोटों के निशान पाए गए हैं। शव की हालत देखकर प्रथम दृष्टया हत्या की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पाई है, जिसके चलते पुलिस उसकी शिनाख्त कराने में जुटी हुई है।

पुलिस आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि शव को यहां कौन और कब छोड़कर गया। इसके साथ ही पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है।

आखिर बोरे में बंद इस शव को यहां कौन छोड़कर गया? मृतक कौन है और उसकी मौत के पीछे क्या वजह है? इन सवालों के जवाब तलाशने में मथुरा पुलिस जुटी हुई है।

Previous News

मथुरा में माथुर चतुर्वेदी समाज को खुलेआम धमकी देने का आरोप, एसपी सिटी से FIR दर्ज कर कार्रवाई की मांग

Next News

शादी समारोह से लौट रहे बाइक सवार की दर्दनाक मौत, बिजली के खंभे से टकराई बाइक