मथुरा। भारतीय ज्ञान-विज्ञान, संस्कृति और प्राचीन बौद्धिक विरासत को विद्यार्थियों तक पहुंचाने के उद्देश्य से संस्कृति विश्वविद्यालय में भारतबौद्धिक (IKS) राष्ट्रीय परीक्षा-2026 का आयोजन किया गया। विद्या भारती उच्च शिक्षा संस्थान एवं शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार के भारतीय ज्ञान प्रणाली प्रभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस परीक्षा में देशभर के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर लगभग 30 हजार से अधिक विद्यार्थियों ने भाग लिया।
संस्कृति विश्वविद्यालय, मथुरा स्थित परीक्षा केंद्र पर कुल 638 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी। इनमें संस्कृति विश्वविद्यालय के 577 और केडी विश्वविद्यालय के 61 विद्यार्थी शामिल रहे।
परीक्षा का संचालन उत्तर प्रदेश उच्च शिक्षा परिषद एवं विद्या भारती उच्च शिक्षा संस्थान के पर्यवेक्षक डॉ. आत्मदेव पाठक और डॉ. रामवीर सिंह सेंगर तथा केंद्र के नोडल अधिकारी डॉ. डी.एस. तोमर की देखरेख में संपन्न हुआ।
इस अवसर पर संस्कृति विश्वविद्यालय के कुलाधिपति डॉ. सचिन गुप्ता ने कहा कि भारतीय ज्ञान-विज्ञान परंपरा भारत की प्राचीन और समृद्ध बौद्धिक विरासत है। वेद, उपनिषद, आयुर्वेद, योग, गणित, खगोलशास्त्र, वास्तु, कला और साहित्य जैसी ज्ञान-विधाएं हमारी सांस्कृतिक धरोहर का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय ज्ञान परंपरा का आधुनिक शिक्षा और अनुसंधान के साथ जुड़ना विद्यार्थियों के लिए नए शोध और नवाचार के अवसर पैदा करेगा।
वहीं विश्वविद्यालय की सीईओ डॉ. मीनाक्षी शर्मा ने बताया कि भारतीय ज्ञान-विज्ञान परंपरा के अध्ययन को प्रोत्साहित करने के लिए विश्वविद्यालय में पुस्तकालय और अध्ययन पीठ उपलब्ध हैं। यह पहल भविष्य में अनुसंधान एवं विकास को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
परीक्षा के सफल संचालन में विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार रवि त्रिवेदी, उप परीक्षा नियंत्रक विनोद सारस्वत, डॉ. पंकज सारस्वत और मूल्यांकन प्रमुख डॉ. के.के. पाराशर सहित अन्य अधिकारियों का विशेष योगदान रहा। विद्या भारती उच्च शिक्षा संस्थान के ब्रज प्रांत अध्यक्ष डॉ. के.के. कनोडिया, सचिव डॉ. प्रहलाद सिंह और संयुक्त सचिव डॉ. भोले सिंह ने भी परीक्षा केंद्र पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
इस परीक्षा के माध्यम से विद्यार्थियों को भारत की समृद्ध ज्ञान परंपरा, सांस्कृतिक विरासत और प्राचीन विज्ञान को समझने का अवसर मिला।