मथुरा की तहसील महावन में शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया, जिसमें जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह और एसएसपी श्लोक कुमार ने पहुंचकर फरियादियों की समस्याएं सुनीं। समाधान दिवस में कुल 10 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 5 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। वहीं, शेष शिकायतों को लेकर संबंधित विभागों के अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर निष्पक्षता और गुणवत्ता के साथ निस्तारण करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पीड़ितों को बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।
भूमि विवाद और अवैध कब्जों के मामलों पर डीएम ने सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि चकरोड, गोचर भूमि, सरकारी जमीन और निजी भूमि पर अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
इसके साथ ही जिलाधिकारी ने जनगणना-2027 और मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान को लेकर भी लोगों को जागरूक किया। उन्होंने नागरिकों से बीएलओ के माध्यम से अपनी जानकारी दर्ज कराने और 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं से मतदाता सूची में नाम जुड़वाने की अपील की।