मथुरा। थाना कोतवाली क्षेत्र के कृष्णानगर से लापता हुए बालक को पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर आगरा से सकुशल बरामद कर लिया। बालक के सुरक्षित मिलने से परिजनों ने राहत की सांस ली। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद बालक को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
12 नवंबर को घर से निकला था बालक
जानकारी के अनुसार, कृष्णानगर निवासी एक व्यापारी ने 12 नवंबर को कोतवाली पुलिस को सूचना दी थी कि उनका बेटा दोपहर में घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक कोतवाली और कृष्णानगर चौकी प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीमों का गठन किया गया।
CCTV और तकनीकी साक्ष्यों से मिली सफलता
पुलिस टीम ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय सूचनाओं के आधार पर बालक की लोकेशन ट्रेस की गई। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने बालक को आगरा से सकुशल बरामद कर लिया।
परिजनों ने जताया आभार
बालक की तलाश में स्थानीय पार्षद, कृष्णानगर के व्यापारियों और आम नागरिकों ने भी सहयोग किया। बेटे के सकुशल घर लौटने पर परिजनों ने पुलिस और सहयोग करने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त किया।