उत्तराखण्ड राज्य स्थापना की 26वीं वर्षगांठ के अवसर पर देवभूमि में गौरव, शौर्य और बलिदान का भव्य उत्सव देखने को मिला। राज्य की ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण के भराड़ीसैंण विधानसभा भवन में भव्य रैतिक परेड का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने परेड का मान-प्रणाम ग्रहण कर जवानों का उत्साहवर्धन किया। इस दौरान चमोली पुलिस, आईटीबीपी, आईआरबी, होमगार्ड और एनसीसी के जवानों ने शानदार कदमताल और अनुशासन का प्रदर्शन किया। मुख्यमंत्री ने अमर शहीदों और राज्य आंदोलनकारियों को नमन करते हुए उत्तराखण्ड को देश के सर्वश्रेष्ठ राज्यों में शामिल करने का संकल्प दोहराया।
राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर भराड़ीसैंण विधानसभा परिसर देशभक्ति और उत्साह के रंग में रंगा नजर आया। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा राज्य निर्माण के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ हुई।
इसके बाद मुख्यमंत्री ने विभिन्न सुरक्षा बलों और एनसीसी के छात्र-छात्राओं की भव्य रैतिक परेड का निरीक्षण किया और सलामी ली। परेड का नेतृत्व पुलिस उपाधीक्षक कर्णप्रयाग त्रिवेंद्र सिंह राणा ने किया। उनकी प्रभावशाली कमांड और जवानों की शानदार कदमताल ने समारोह में मौजूद लोगों का ध्यान आकर्षित किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने राज्य आंदोलनकारियों, उनके परिजनों और विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों को सम्मानित किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड ने 26 वर्षों की यात्रा में अनेक चुनौतियों का सामना किया है, लेकिन यहां के लोगों ने हमेशा साहस और दृढ़ इच्छाशक्ति का परिचय दिया है। उन्होंने कहा कि पहाड़ों ने हमें सिखाया है कि रास्ते कितने भी कठिन क्यों न हों, मजबूत हौसलों के आगे हर चुनौती छोटी पड़ जाती है। हमारे लोगों के डीएनए में हार मानना ही नहीं लिखा है।
मुख्यमंत्री ने उत्तराखण्ड पुलिस को प्रतिष्ठित राष्ट्रपति पुलिस निशान मिलने पर पुलिस बल के सभी जवानों को बधाई दी। उन्होंने इसे पुलिसकर्मियों के समर्पण, अनुशासन और जनसेवा का सम्मान बताते हुए कहा कि यह उपलब्धि आने वाली पीढ़ियों को भी कर्तव्यनिष्ठा के साथ सेवा करने की प्रेरणा देगी।
कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री भरत चौधरी, विधायक अनिल नौटियाल, विधायक भूपाल राम टम्टा, जिलाधिकारी गौरव कुमार, पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और गणमान्य लोग मौजूद रहे।