धर्मनगरी मथुरा में गोवर्धन पूजा का पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। मथुरा के प्रसिद्ध श्री द्वारकाधीश मंदिर में विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच गोवर्धन महाराज की पूजा-अर्चना की गई। इस दौरान पूरा मंदिर परिसर गोवर्धन महाराज के जयकारों से गूंज उठा। गोवर्धन पूजा के पावन अवसर पर मथुरा-वृंदावन विधानसभा क्षेत्र के विधायक श्रीकांत शर्मा भी मंदिर पहुंचे और पूजा-अर्चना कर देश, प्रदेश एवं समस्त जनपदवासियों के सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
गोवर्धन पूजा महोत्सव के दौरान मंदिर परिसर में धार्मिक उल्लास का माहौल देखने को मिला। वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच विधि-विधान से गोवर्धन महाराज की पूजा संपन्न कराई गई।
विधायक श्रीकांत शर्मा ने पूजा में सहभागिता करते हुए सभी को गोवर्धन पूजा की शुभकामनाएं दीं। वहीं, बड़ी संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं ने भी पूजा-अर्चना कर अपने परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। गोवर्धन महाराज के जयकारों और भक्तिमय माहौल के बीच पूरा मंदिर परिसर कृष्णमय नजर आया।