महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा चलाए जा रहे महत्वाकांक्षी अभियान मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत गुरुवार, 5 नवंबर 2026 को कोसीकलां थाना पुलिस की मिशन शक्ति टीम ने जागरूकता अभियान चलाया। एसएसपी मथुरा के निर्देशन में आयोजित इस अभियान के दौरान महिलाओं एवं छात्राओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा के उपायों और सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी गई।
अभियान के दौरान पुलिस टीम ने महिलाओं एवं बालिकाओं को बताया कि बस, रास्तों, बाजारों अथवा किसी भी सार्वजनिक स्थान पर मनचलों एवं शोहदों द्वारा छेड़छाड़ या परेशान किए जाने की स्थिति में घबराने अथवा चुप रहने की आवश्यकता नहीं है। ऐसी घटनाओं की तत्काल शिकायत महिला पावर लाइन 1090 पर की जा सकती है। इसके साथ ही संबंधित थाने पहुंचकर एफआईआर दर्ज कराने के लिए भी जागरूक किया गया।
पुलिस टीम ने सोशल मीडिया के बढ़ते उपयोग को देखते हुए व्हाट्सएप, फेसबुक, इंस्टाग्राम और ट्विटर जैसे प्लेटफॉर्म का सावधानीपूर्वक इस्तेमाल करने की सलाह दी। छात्राओं को बताया गया कि पर किसी अनजान व्यक्ति से व्यक्तिगत जानकारी साझा न करें और किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी या ऑनलाइन उत्पीड़न होने पर तत्काल शिकायत दर्ज कराएं।
इस दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं को उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित विभिन्न महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी गई। इनमें मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, वीमेन पावर लाइन 1090, महिला हेल्पलाइन 181, पुलिस आपातकालीन सेवा 112, गर्भवती महिलाओं एवं नवजात शिशुओं के लिए एम्बुलेंस सेवा 102, एम्बुलेंस सेवा 108, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, अग्निशमन सेवा 101 तथा साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 शामिल हैं। पुलिस टीम ने इन नंबरों की उपयोगिता बताते हुए जरूरत पड़ने पर इनका तत्काल इस्तेमाल करने की अपील की।
अभियान के अंतर्गत छात्राओं को यातायात नियमों के प्रति भी जागरूक किया गया। पुलिसकर्मियों ने हेलमेट पहनने, वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पालन करने और सड़क सुरक्षा को लेकर स्वयं जागरूक रहने के साथ-साथ अपने परिवार एवं आसपास के लोगों को भी जागरूक करने की अपील की।
इसके अतिरिक्त मिशन शक्ति टीम ने छात्राओं को मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी। बताया गया कि इस योजना के अंतर्गत संघ लोक सेवा आयोग (UPSC), उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC), नीट (NEET), जेईई (JEE), एनडीए (NDA) और सीडीएस (CDS) सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए ऑनलाइन एवं ऑफलाइन माध्यम से निःशुल्क कोचिंग और विषय विशेषज्ञों का मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाता है।
पुलिस टीम ने बताया कि इस योजना का मुख्य उद्देश्य प्रतिभाशाली एवं जरूरतमंद विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए उचित अवसर उपलब्ध कराना है, ताकि आर्थिक संसाधनों की कमी किसी भी विद्यार्थी की सफलता में बाधा न बन सके।
मिशन शक्ति अभियान के माध्यम से कोसीकलां पुलिस ने महिलाओं एवं बालिकाओं को यह संदेश दिया कि वे अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहें, किसी भी तरह के उत्पीड़न को नजरअंदाज न करें और जरूरत पड़ने पर पुलिस तथा सरकार द्वारा उपलब्ध कराई गई सहायता सेवाओं का लाभ उठाएं।
कोसीकलां पुलिस का यह जागरूकता अभियान महिला सुरक्षा, आत्मनिर्भरता, शिक्षा और सामाजिक सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में सामने आया।