उत्तर प्रदेश के मेरठ में एक स्पोर्ट्स कारोबारी के घर चोरी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। गंगानगर थाना क्षेत्र की डिफेंस कॉलोनी में रहने वाले स्पोर्ट्स कारोबारी आशुतोष भल्ला के घर उनकी बुजुर्ग मां को कथित तौर पर नशीला पदार्थ देकर बेहोश करने और तिजोरी से लाखों रुपये के जेवरात चोरी करने का आरोप घर में काम करने वाली नौकरानी पर लगा है। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश के लिए चार टीमें गठित की हैं।
चाय पिलाने के बाद बुजुर्ग महिला हुईं बेहोश
मिली जानकारी के अनुसार, डिफेंस कॉलोनी स्थित कारोबारी के आवास पर सोमवार को उनकी मां रेखा भल्ला मौजूद थीं। आरोप है कि दोपहर करीब दो बजे घर में काम करने वाली नौकरानी रोशनी ने उन्हें चाय दी। चाय पीने के बाद रेखा भल्ला बेहोश हो गईं।
परिजनों का आरोप है कि इसी दौरान नौकरानी ने कमरे में रखी तिजोरी से कीमती जेवरात और अन्य सामान निकाल लिया और घर से फरार हो गई।
दो घंटे बाद परिवार को हुई घटना की जानकारी
बताया जा रहा है कि काफी देर तक रेखा भल्ला के कमरे से बाहर नहीं आने पर परिवार के सदस्यों को चिंता हुई। जब उन्होंने कमरे में जाकर देखा तो वह बेहोशी की हालत में मिलीं। इसी दौरान तिजोरी खुली हुई दिखाई दी और उसमें रखे कीमती जेवरात गायब मिले।
इसके बाद रेखा भल्ला को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
एक साल से घर में काम कर रही थी नौकरानी
परिजनों के मुताबिक, रोशनी मूल रूप से पश्चिम बंगाल की रहने वाली है और करीब एक साल से कारोबारी के घर में काम कर रही थी। घटना के बाद से वह लापता बताई जा रही है।
पुलिस उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। दिल्ली सहित अन्य स्थानों पर भी उसकी तलाश किए जाने की जानकारी सामने आई है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जानकारी जुटाई। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपी के आने-जाने के रास्ते और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों का पता लगाया जा सके।
पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि वारदात में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका तो नहीं है। फिलहाल आरोपी की गिरफ्तारी और चोरी गए सामान की बरामदगी के प्रयास जारी हैं।