Please wait we are preparing awesome things...

Tuesday, 27 Oct 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
लखनऊ ट्रिपल मर्डर केस में बड़ा एक्शन, इंस्पेक्टर और चौकी प्रभारी सस्पेंड - पार्किंग विवाद में हुई थी 3 लोगों की हत्या

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में पार्किंग विवाद को लेकर हुए ट्रिपल मर्डर मामले में पुलिस प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। सआदतगंज इलाके में एक ही परिवार के तीन लोगों की गोली मारकर हत्या के बाद पुलिस कमिश्नर ने थाना प्रभारी और चौकी प्रभारी को निलंबित कर दिया है। वहीं, घटना के बाद इलाके में तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। इस सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।

लखनऊ के सआदतगंज थाना क्षेत्र के नौबस्ता स्थित ब्राह्मणी टोला में कार पार्किंग और चबूतरे को लेकर चल रहा विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। सोमवार को हुई अंधाधुंध फायरिंग में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान शिवाजी तिवारी, उनके भाई शंभू तिवारी और शिवाजी के बेटे सुयश तिवारी के रूप में हुई है।

मामले की गंभीरता और पुलिस की कथित लापरवाही को देखते हुए पुलिस कमिश्नर तरुण गाबा ने सआदतगंज थाना प्रभारी संतोष कुमार आर्य और कश्मीरी मोहल्ला चौकी प्रभारी अजय कुमार चौरसिया को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच पहले से विवाद चल रहा था और इस मामले में पुलिस की भूमिका भी जांच के दायरे में है।

पुलिस के अनुसार, इस वारदात में आरोपी ऋषभ शुक्ला ने कथित तौर पर पिस्टल से ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई पिस्टल और चार खोखा कारतूस बरामद किए गए हैं। आरोपी को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की गई।

उधर, पोस्टमार्टम के बाद तीनों मृतकों के शव घर पहुंचते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना से आक्रोशित स्थानीय लोगों और मृतकों के परिजनों ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी भी की। स्थिति को देखते हुए इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

फिलहाल, पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी है। पार्किंग विवाद में तीन लोगों की जान जाने के बाद पुलिस अधिकारियों पर हुई कार्रवाई ने इस मामले को और गंभीर बना दिया है

Previous News

गाजियाबाद के साहिबाबाद में होटल में लगी भीषण आग, मची अफरा-तफरी

Next News

उत्तराखंड के कुमाऊं में जाम से मिलेगी राहत, अमृतपुर बाईपास निर्माण से आसान होगा सफर