Please wait we are preparing awesome things...

Monday, 26 Oct 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
अवैध संबंधों की राह में कांटा बनी मासूम पिता ने पत्नी पर लगाया बेटी की हत्या का आरोप

मथुरा के बरसाना थाना क्षेत्र में दो साल की मासूम बच्ची की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई है। पहले जिस घटना को पानी के ड्रम में गिरकर हुए हादसे के रूप में देखा जा रहा था, अब उसी मामले में मृतका के पिता ने अपनी पत्नी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पिता का दावा है कि अवैध संबंधों के चलते उनकी पत्नी ने ही अपनी मासूम बेटी को पानी के ड्रम में डुबोकर मार डाला। मामले में मजिस्ट्रेट के आदेश पर बच्ची के शव को जमीन से निकलवाकर पोस्टमार्टम कराया गया है। हालांकि, मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

दरअसल, पूरा मामला बरसाना थाना क्षेत्र के चिकसोली गांव का है, जहां दो साल की मासूम पल्लवी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। शुरुआती तौर पर परिजनों ने बताया कि घर में रखे पानी के नीले ड्रम के पास चारपाई खड़ी थी। आशंका जताई गई कि चारपाई पर चढ़ने के दौरान बच्ची ड्रम में गिर गई और पानी में डूबने से उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार ने बच्ची के शव को झाड़ियों के बीच जमीन में दफना दिया था।


लेकिन कुछ समय बाद इस मामले में नया मोड़ आ गया। मृतका के पिता चेता ने पुलिस से शिकायत करते हुए अपनी पत्नी पर बेटी की हत्या करने का आरोप लगाया। पिता का कहना है कि उनकी पत्नी के अन्य लोगों से कथित अवैध संबंध थे और करीब 15 दिन पहले वह घर छोड़कर भी चली गई थी। पिता ने आरोप लगाया कि बेटी इन संबंधों के रास्ते में बाधा बन रही थी, जिसके चलते उसकी हत्या की गई। हालांकि, इन आरोपों की अभी पुलिस जांच कर रही है।


वहीं, मृतका के दादा बल्लो ने भी अपनी बहू को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि बहू करीब 15 दिन पहले किसी के साथ चली गई थी और लगातार फोन पर व्यस्त रहती थी। दादा ने बच्ची की मौत पर संदेह जताते हुए कहा कि दो साल की मासूम इतनी छोटी थी कि उसके लिए अकेले पानी के ड्रम तक पहुंच पाना मुश्किल था।


मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम के आदेश पर मजिस्ट्रेट की निगरानी में बच्ची के शव को जमीन से निकलवाकर पोस्टमार्टम कराया गया। सीओ अनिल कुमार के मुताबिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही बच्ची की मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


फिलहाल, दो साल की मासूम पल्लवी की मौत हादसा थी या उसके पीछे कोई आपराधिक साजिश है, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा। अब सभी की निगाहें जांच के नतीजों पर टिकी हैं।

Previous News

ब्रजरज उत्सव में ‘मेरे कृष्ण’ की मनमोहक प्रस्तुति में अभिनेता सौरभ राज जैन ने दर्शकों को किया भावविभोर

Next News

मथुरा में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस अलर्ट, संदिग्ध व्यक्ति और वाहनों की चेकिंग