मथुरा। नंदबाबा की कोषस्थली कोसीकलां के ऐतिहासिक रामलीला महोत्सव में कुंभकरण वध के बाद देर रात मां काली की भव्य एवं रौद्र रूप वाली सवारी निकाली गई। मां काली के दर्शन के लिए नगर की सड़कों और प्रमुख चौराहों पर श्रद्धालुओं का भारी जनसैलाब उमड़ पड़ा। देर रात करीब 12:30 बजे रामनगर स्थित तोताराम मंदिर से सवारी का शुभारंभ हुआ। मां काली के रौद्र स्वरूप, आकर्षक श्रृंगार और कलाकारों के हैरतअंगेज प्रदर्शन ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
रामलीला महोत्सव के प्रमुख श्रृंगारी विवेक अग्रवाल, भगवत प्रसाद बतासे वाले ने मां काली का भव्य एवं आकर्षक श्रृंगार किया। रामलीला कमेटी द्वारा विधि-विधान से सवारी का शुभारंभ कराया गया। इसके बाद मां काली की सवारी बलदेवगंज, पुराना जीटी रोड, घंटाघर और सब्जी मंडी सहित नगर के प्रमुख बाजारों से होती हुई भरत मिलाप चौक पहुंची। रास्ते भर श्रद्धालुओं ने मां काली के दर्शन कर जयकारे लगाए। बैंड-बाजों पर गूंजते माता रानी के भजनों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
अहिरावण के चंगुल से मुक्त हुए श्रीराम-लक्ष्मण, मां काली की लीला ने किया रोमांचित
भरत मिलाप चौक पर रामलीला के अंतर्गत रावण वध से जुड़ी लीला का मंचन किया गया। इसमें अहिरावण द्वारा भगवान श्रीराम और लक्ष्मण का अपहरण कर उन्हें बलि चढ़ाने के उद्देश्य से पाताल लोक ले जाने का प्रसंग प्रस्तुत किया गया। जब हनुमान जी को इसकी जानकारी हुई तो वे पाताल लोक पहुंचे और दोनों भाइयों को अहिरावण के चंगुल से मुक्त कराया। इसके बाद मां काली के रौद्र स्वरूप से जुड़ा रोमांचक दृश्य प्रस्तुत किया गया, जिसने दर्शकों को भावविभोर कर दिया।
मां काली का पात्र निभा रहे निक्कू ने अपने सहयोगियों काल और भैरव के साथ शानदार प्रदर्शन किया। कलाकारों ने नगर के विभिन्न चौराहों और भरत मिलाप चौक पर अपने अभिनय एवं युद्ध कौशल से दर्शकों का मन मोह लिया। देर रात तक श्रद्धालु इस धार्मिक लीला का आनंद लेते रहे।
पश्चिमी उत्तर प्रदेश में प्रसिद्ध है कोसीकलां का काली मेला
कोसीकलां का ऐतिहासिक मां काली मेला पश्चिमी उत्तर प्रदेश के प्रमुख धार्मिक आयोजनों में शामिल है। मेले की विशेष पहचान मां काली का भव्य श्रृंगार है, जिसका वजन लगभग 31 किलोग्राम बताया जाता है। मां काली की सवारी के दौरान उमड़ा जनसैलाब नगर की धार्मिक आस्था, परंपरा और रामलीला महोत्सव के प्रति लोगों के उत्साह को दर्शाता नजर आया।
सवारी के दौरान रामलीला कमेटी के अध्यक्ष गिर्राज चौधरी सहित बॉबी ठाकुर, देवेश खंडेलवाल, कल्पेश जैन, सौरभ जैन, दीपक बड़गूजर, विजय शर्मा, अजय गोयन्का, सुभाष गोयल, पीसी जैन, कमल किशोर, वंश, नेवेेद प्रकाश गोयल, सुभाष अग्रवाल सहित कमेटी के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।