मथुरा में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना हाईवे पुलिस को सफलता मिली है। पुलिस ने राधा सिग्नेचर कॉलोनी रोड के पास से दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के कब्जे से एक अवैध तमंचा, दो जिंदा कारतूस, एक अवैध चाकू और चार मोटरसाइकिल बरामद की गई हैं। बरामद मोटरसाइकिलों में एक का चेसिस नंबर खुरचा हुआ मिला है।
पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई 19 अक्टूबर की रात करीब 11 बजकर 56 मिनट पर चंदा ग्रीन कॉलोनी की ओर जाने वाले राधा सिग्नेचर कॉलोनी रोड पर की गई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रोहित उर्फ रिहान, निवासी गांव ओल, थाना फरह और जुनैद उर्फ कंची, निवासी सुखदेव नगर, थाना कोतवाली, मथुरा के रूप में हुई है। दोनों की उम्र करीब 22 वर्ष बताई गई है।
पुलिस के मुताबिक, रोहित उर्फ रिहान के पास से एक अवैध चाकू बरामद हुआ, जबकि जुनैद उर्फ कंची के कब्जे से .315 बोर का एक अवैध तमंचा और दो जिंदा कारतूस मिले। इसके अलावा पुलिस ने चार मोटरसाइकिल भी बरामद की हैं, जिनमें से एक का चेसिस नंबर खुरचा हुआ पाया गया।
पुलिस द्वारा जारी प्रेस नोट के अनुसार, दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना हाईवे और थाना जैत में पूर्व में भी मुकदमे दर्ज हैं। मामले में भारतीय न्याय संहिता और आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत विधिक कार्रवाई की गई है।
इस कार्रवाई को थाना हाईवे के प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार निर्वाल के नेतृत्व में अंजाम दिया गया। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक चंद्रवीर सिंह, हेड कांस्टेबल मानवेन्द्र सिंह, हेड कांस्टेबल लक्ष्मीनारायण और कांस्टेबल सूरजपाल शामिल रहे।