18 अक्टूबर 2026। उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजना मिशन शक्ति फेज-6.0 के अंतर्गत मथुरा में महिला थाना पुलिस की मिशन शक्ति टीम द्वारा महिलाओं और बालिकाओं को महिला सुरक्षा, महिला सशक्तिकरण और साइबर जागरूकता के प्रति जागरूक किया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मथुरा के निर्देशन में चलाए जा रहे इस जागरूकता अभियान के दौरान महिलाओं और छात्राओं को बताया गया कि बस, रास्ते या किसी सार्वजनिक स्थान पर छेड़खानी की घटना होने पर डरने के बजाय तुरंत पुलिस से संपर्क करें और शिकायत दर्ज कराएं। पुलिस टीम ने महिला सुरक्षा के लिए जारी हेल्पलाइन नंबर 1090, 181 और आपातकालीन पुलिस सेवा 112 सहित विभिन्न महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी।
अभियान के दौरान महिलाओं और बालिकाओं को व्हाट्सएप, फेसबुक, इंस्टाग्राम और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का सावधानीपूर्वक इस्तेमाल करने की सलाह दी गई। साथ ही यातायात नियमों का पालन करने और अपने परिवार एवं आसपास के लोगों को भी जागरूक करने की अपील की गई।
महिला थाना पुलिस की टीम ने मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के बारे में भी छात्राओं को विस्तार से जानकारी दी। इस योजना के अंतर्गत UPSC, UPPSC, NEET, JEE, NDA और CDS जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए ऑनलाइन एवं ऑफलाइन प्रशिक्षण और विषय विशेषज्ञों का मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाता है।
योजना का उद्देश्य प्रतिभाशाली और जरूरतमंद विद्यार्थियों को निःशुल्क कोचिंग एवं उचित मार्गदर्शन उपलब्ध कराना है, ताकि आर्थिक कठिनाइयां उनकी सफलता में बाधा न बनें।