वृंदावन। चैतन्य विहार सेक्टर-2 स्थित पाणिनी संस्कृत गुरुकुलम में भूमिगत टैंक की सफाई के दौरान हुए दर्दनाक हादसे के बाद पुलिस-प्रशासन ने गुरुकुल में रह रहे सभी विद्यार्थियों को उनके परिजनों और रिश्तेदारों के साथ घर भेज दिया। हादसे में टैंक के अंदर उतरे चार छात्रों की मौत हो गई थी।
घटना के बाद पुलिस ने गुरुकुल में रह रहे सभी बच्चों और उनके परिजनों से संबंधित जानकारी दर्ज की। इसके बाद अधिकारियों के निर्देश पर विद्यार्थियों को उनके घर भेजने की प्रक्रिया शुरू की गई। बच्चों से फोन के माध्यम से उनके परिजनों से बात कराई गई और उन्हें अपने बच्चों को लेने के लिए बुलाया गया।
वहीं मामले में गुरुकुलम के संचालक आशीष और उसके एक साथी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस घटना के कारणों और गुरुकुल में सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही है।
घटना के बाद राजस्व विभाग की टीम ने गुरुकुल में मौजूद विद्यार्थियों के लिए सुबह का नाश्ता, भोजन और पीने के पानी की व्यवस्था कराई।
गुरुकुल में उत्तर प्रदेश के अलावा महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, राजस्थान और हरियाणा सहित कई राज्यों से विद्यार्थी आकर रहकर कक्षा 6 से 12 तक की शिक्षा प्राप्त कर रहे थे। हादसे के बाद सभी विद्यार्थियों को उनके परिजनों के साथ घर भेज दिया गया है।