वृंदावन। हाथरस के सादाबाद थाने में दर्ज गुमशुदगी के मामले में लापता बालक अनुज की तलाश में उसके परिजन वृंदावन पहुंचे। परिजनों को आशंका थी कि बालक वृंदावन में हो सकता है, जिसके बाद उन्होंने स्थानीय पुलिस से मदद मांगी।
पुलिस के अनुसार, परिजनों की पूरी सहायता करते हुए बालक की फोटो और हुलिए के आधार पर संभावित स्थानों पर खोजबीन की गई। पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई से संतुष्ट होकर परिजन अपना मोबाइल नंबर और अन्य संपर्क सूत्र पुलिस को देकर वापस लौट गए।
पुलिस ने बताया कि वर्तमान में अनुज की फोटो और हुलिए की जानकारी मथुरा, वृंदावन और जीआरपी (रेलवे पुलिस) के आधिकारिक ग्रुपों में प्रसारित कर दी गई है। सभी संबंधित पुलिस टीमों को बालक की तलाश के लिए जानकारी साझा की गई है।
पुलिस के मुताबिक, जैसे ही बालक के संबंध में कोई सुराग मिलता है या उसकी बरामदगी होती है, संबंधित थाना पुलिस को तत्काल सूचना देकर आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।