मथुरा। महिला सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण को लेकर उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजना “मिशन शक्ति फेज-5.0” के द्वितीय चरण के तहत मथुरा पुलिस का जागरूकता अभियान लगातार जारी है। 3 अक्टूबर 2026 को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मथुरा के निर्देशन में थाना गोविंदनगर की मिशन शक्ति पुलिस टीम ने महिलाओं और बालिकाओं को विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर जागरूक किया।
अभियान के दौरान पुलिस टीम ने महिलाओं एवं बालिकाओं को आत्मरक्षा, गुड टच-बैड टच, महिला अधिकार और महिला संबंधी अपराधों से बचाव के बारे में जानकारी दी। पुलिस ने कहा कि सार्वजनिक स्थानों, बसों और रास्तों पर यदि किसी महिला या बालिका के साथ छेड़खानी या उत्पीड़न की घटना होती है तो डरने के बजाय तत्काल पुलिस को सूचना दें और आवश्यक कानूनी कार्रवाई कराएं।
पुलिस टीम ने महिलाओं को 1090 वीमेन पावर लाइन सहित विभिन्न महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी। साथ ही सोशल मीडिया के सुरक्षित इस्तेमाल को लेकर भी जागरूक किया गया। महिलाओं और बालिकाओं को व्हाट्सएप, फेसबुक, इंस्टाग्राम और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का सावधानीपूर्वक उपयोग करने की सलाह दी गई।
अभियान के दौरान साइबर अपराध से बचने के उपायों के बारे में भी बताया गया। पुलिस ने किसी भी साइबर अपराध का शिकार होने पर तत्काल 1930 साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत करने के लिए जागरूक किया।
इसके साथ ही महिलाओं एवं बालिकाओं को यातायात नियमों की जानकारी दी गई और स्वयं नियमों का पालन करने के साथ-साथ अपने परिवार एवं आसपास के लोगों को भी यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने की अपील की गई।