Please wait we are preparing awesome things...

Saturday, 03 Oct 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
कोसी में श्रीराम-भरतमिलाप मेले की तैयारियों को लेकर प्रशासन अलर्ट, एडीएम ने अधिकारियों संग की बैठक

ऐतिहासिक लक्खी श्रीरामलीला महोत्सव एवं श्रीराम-भरतमिलाप मेले को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शुक्रवार को आर्य समाज धर्मशाला में एडीएम अमरेश कुमार ने विभागीय अधिकारियों और श्री रामलीला संस्थान के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर मेले की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को मेला शुरू होने से पहले सभी व्यवस्थाएं पूरी तरह दुरुस्त करने के निर्देश दिए।

श्री रामलीला संस्थान के तत्वावधान में 6 अक्टूबर से 22 अक्टूबर तक श्रीरामलीला महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान नगर के प्रमुख मार्गों से धार्मिक एवं सांस्कृतिक झांकियां और शोभायात्राएं निकाली जाएंगी। श्रीराम-भरतमिलाप समेत प्रमुख आयोजनों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने विभिन्न विभागों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी हैं।

जर्जर बिजली पोल और लटकते तारों पर जताई चिंता

बैठक में नगर की विद्युत व्यवस्था को लेकर भी गंभीरता से चर्चा हुई। जर्जर विद्युत पोल, लटकती विद्युत लाइनें और सड़कों के ऊपर फैले तारों के जाल का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। एडीएम ने विद्युत विभाग को निर्देश दिए कि झांकियों और शोभायात्राओं के मार्ग का निरीक्षण कर समय रहते विद्युत तारों एवं पोल की व्यवस्था दुरुस्त की जाए, जिससे किसी प्रकार की बाधा या दुर्घटना की स्थिति न बने।

बेसहारा गोवंश को लेकर भी दिए निर्देश

मेले के दौरान नगर में घूमने वाले बेसहारा गोवंश की समस्या को लेकर भी अधिकारियों को प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। प्रशासन ने मेला मार्गों और प्रमुख स्थानों पर साफ-सफाई सहित अन्य नागरिक सुविधाओं को बेहतर रखने पर जोर दिया।

स्थायी पुलिस पिकेट की मांग

पालिका अध्यक्ष धर्मवीर अग्रवाल ने प्रमुख आयोजनों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए श्री रामलीला संस्थान के सहयोग से स्थायी छोटी पुलिस पिकेट तैनात किए जाने की मांग रखी। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की मौजूदगी को देखते हुए प्रमुख आयोजन स्थलों और मार्गों पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था जरूरी है।

बैठक में एसडीएम छाता अखिलेश कुमार, सीओ छाता भूषण वर्मा, श्री रामलीला संस्थान के संयोजक खगेंद्र सिंह उर्फ बॉबी ठाकुर, अध्यक्ष गिर्राज चौधरी, मंत्री हैप्पी गर्ग, भाजपा मंडल अध्यक्ष सौरभ जैन सहित विजय शर्मा, तरुण सेठ, कन्हैयालाल गोयल, डॉ. प्रकाश आर्य, राहुल एडवोकेट, नवल भगतजी, अनुराग तायल, स्पर्श गोयल समेत अन्य लोग मौजूद रहे।

प्रशासन ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए हैं कि श्रीरामलीला महोत्सव शुरू होने से पहले सुरक्षा, यातायात, विद्युत, सफाई और अन्य सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली जाएं, ताकि आयोजन शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके।

Previous News

मथुरा में सड़कों पर उतरी पुलिस, पैदल गश्त कर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की हुई सघन चेकिंग

Next News

गांधी जयंती पर भी नहीं थमा शराब का कारोबार, फैक्ट्री एरिया में खुलेआम शराब का कारोबार